बॉलीवुड के मशहूर और दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। ही-मैन के नाम से मशहूर अभिनेता के जाने से पूरे देश में शोक की लहर है। धर्मेंद्र लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कुछ दिन पहले उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बाद में तबीयत में थोड़ी स्थिरता आने पर उन्हें घर ले जाया गया था, जहां उनका इलाज जारी था।
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, धर्मेंद्र का निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार पवन हंस श्मशान घाट पर किया जाएगा।
धर्मेंद्र का प्रारंभिक जीवन
धर्मेंद्र का पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल है। उनका जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसरानी गांव में हुआ था।
सांस लेने में हो रही थी परेशानी
31 अक्टूबर 2025 को उन्हें रेगुलर चेकअप के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही थी। 10 नवंबर को उनकी हालत और बिगड़ गई। उनकी गंभीर स्थिति की खबर पाकर पूरा परिवार हॉस्पिटल पहुंचा—हेमा मालिनी, सनी देओल, ईशा देओल, करण देओल, राजवीर देओल और अभय देओल सभी अस्पताल में मौजूद थे।
मिलने पहुंचे बॉलीवुड सितारे
धर्मेंद्र की बिगड़ती तबीयत की खबर मिलते ही कई फिल्मी सितारे भी उन्हें देखने हॉस्पिटल पहुंचे। सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा और अमीषा पटेल भी उनसे मिलने आए थे।
65 साल का शानदार फिल्मी करियर
धर्मेंद्र ने 1960 में अपने करियर की शुरुआत की। उनका पहला प्रमुख रोल “दिल भी तेरा हम भी तेरे” में था। इसके बाद 1961 में उन्होंने “बॉय फ्रेंड” में सपोर्टिंग रोल निभाया। 65 साल के लंबे करियर में धर्मेंद्र ने कई हिट, सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं।
उनकी प्रमुख फिल्मों में शामिल हैं:
- शोले (1975)
- चुपके-चुपके (1975)
- सीता और गीता (1972)
- धरमवीर (1977)
- फूल और पत्थर (1966)
- जुगनू (1973)
- यादों की बारात (1973)
हाल के सालों में भी रहे चर्चा में
2023 में रिलीज हुई फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में उनका किरदार काफी चर्चा में रहा। फिल्म में शबाना आज़मी के साथ उनका किस सीन खूब सुर्खियों में रहा। इसके अलावा वे 2024 की फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया में भी दिखाई दिए।
आखिरी फिल्म — ‘इक्कीस’
89 वर्ष की उम्र में भी धर्मेंद्र लगातार सक्रिय थे। उनके निधन के बाद उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस इसी साल रिलीज होगी। इसमें वे अगस्त्य नंदा के पिता की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
पर्सनल लाइफ़
धर्मेंद्र ने दो शादियाँ की थीं। पहली शादी प्रकाश कौर से हुई, जिनसे उनके चार बच्चे हैं—
सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता देओल और अजीता देओल।
इसके बाद उन्होंने अभिनेत्री हेमा मालिनी से शादी की। चूंकि प्रकाश कौर ने उन्हें तलाक नहीं दिया था, इसलिए धर्मेंद्र ने धर्म बदलकर दूसरी शादी की थी। हेमा मालिनी से उन्हें दो बेटियाँ हैं—ईशा देओल और अहाना देओल।